CSK के कप्तान एमएस धोनी IPL 2021 की तैयारियों में जुटे, नेट प्रैक्टिस की तस्वीरें वायरल
चेन्नई
कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाड़ियों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन के लिए नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी। इससे पहले खिलाड़ियों को नियमों के तहत क्वारंटाइन में रहना पड़ा और आरटी-पीसीआर टेस्ट में नेगेटिव आने के बाद उन्होंने प्रैक्टिस शुरू की। टीम के सोमवार को शुरू हुई शिविर में करिश्माई कप्तान धोनी के अलावा अनुभवी बल्लेबाज अंबाती रायुडू, रुतुराज गायकवाड और कुछ अन्य खिलाड़ियों ने नेट प्रैक्टिस की।
हाल ही में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में टीम के साथ जुड़े तमिलनाडु के एन जगदीसन, आर साई किशोर और सी हरि निशांत ने धोनी और रायुडू के साथ अभ्यास किया। शिविर में नए गेंदबाज हरिशंकर रेड्डी भी शामिल हैं। टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथ ने कहा कि सीएसके खिलाड़ियों ने अपना क्वारंटाइन पूरा करने के बाद कल प्रैक्टिस शुरू की है। धीरे-धीरे कुछ अन्य खिलाड़ी भी क्वारंटाइन पीरियड को पूरा कर टीम के साथ जुड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में लेग स्पिनर कर्ण शर्मा और भगत वर्मा भी टीम के साथ जुड़ेंगे। कप्तान धोनी बुधवार को यहां पहुंचे थे। गौरतलब है कि इस साल आईपीएल का आगाज नौ अप्रैल को होगा जबकि चेन्नई की टीम अपने अभियान को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 10 अप्रैल को शुरू करेगी। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 30 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

पाठको की राय